
दिल्ली पुलिस ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में पूर्व AAP पार्षद ताहिर हुसैन सहित पांच दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग की है। फिलहाल दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में सजा पर बहस चल रही है।
13 जुलाई को अदालत ने ताहिर हुसैन, नाजिम, कासिम, अनस और जावेद को हत्या, अपहरण, दंगा और सांप्रदायिक दुश्मनी को बढ़ावा देने का दोषी ठहराया। इस मामले में 11 आरोपियों में से छह को बरी कर दिया गया।

हिंसा वाली शाम आईबी अधिकारी अंकित शर्मा ऑफिस से घर लौटने के बाद दोबारा बाहर गए थे, तभी उनकी हत्या कर दी गई.
अंकित का शव हिंसाग्रस्त इलाके के एक नाले में मिला था
अंकित शर्मा के पिता रविंदर कुमार की शिकायत पर दयालपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के मुताबिक, अंकित शर्मा 25 फरवरी 2020 को काम से घर लौटे, लेकिन बाद में फिर बाहर चले गए और वापस नहीं लौटे. जब उनके परिवार ने उनकी तलाश की, तो उन्हें बताया गया कि उनकी हत्या कर दी गई है और उनका शव चांद बाग पुलिया के पास खजूरी खास नाले में फेंक दिया गया है।
अगली सुबह पुलिस ने उसका शव नाले से बरामद किया।
रविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या तत्कालीन आप पार्षद ताहिर हुसैन और उसके साथियों ने की है। शिकायत के मुताबिक, हत्या से पहले आरोपी ताहिर हुसैन के दफ्तर पर इकट्ठा हुए थे, जिसके बाद कथित तौर पर अंकित शर्मा के शव को नाले में फेंक दिया गया.

अंकित का शव नाले में मिला था, उसके शरीर पर चोट के 51 निशान थे।
मामले में नाम सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने ताहिर हुसैन को निलंबित कर दिया है. 24 मार्च 2023 को कोर्ट ने ताहिर हुसैन समेत 11 आरोपियों पर आरोप तय किए.
CAA के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान दंगे हुए
23 फरवरी 2020 को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोधियों और समर्थकों के बीच झड़प हो गई. इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। 26 फरवरी तक चले दंगों में 53 लोगों की जान चली गई और 250 से अधिक घायल हो गए। मृतकों में 38 मुस्लिम और 15 हिंदू थे। लगभग 800 दुकानें जला दी गईं। 500 से ज्यादा घरों को आग के हवाले कर दिया गया.
ताहिर ने पैरोल पर जेल से बाहर आकर 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ा था

फरवरी 2025 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में ताहिर हुसैन ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के टिकट पर मुस्तफाबाद सीट से चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की थी, जबकि ताहिर हुसैन तीसरे स्थान पर रहे थे. उन्हें करीब 33 हजार वोट मिले थे. ताहिर चुनाव प्रचार के लिए कस्टडी पैरोल पर बाहर आया था।









