देहरादून। जिले में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून में अब तक स्वाइन फ्लू के 81 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 49 पुरुष और 32 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 5 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि वर्तमान में 26 एक्टिव मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इन 26 मरीजों में सबसे ज्यादा 18 मरीज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं 4 मरीज हिमालयन अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इसके अलावा कैलाश अस्पताल, एम्स ऋषिकेश, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल और ग्राफिक एरा अस्पताल में एक-एक मरीज भर्ती है।
वहीं, स्वाइन फ्लू के साथ-साथ जिले में कोरोना के नए मामले भी बढ़ रहे हैं। रविवार को एम्स ऋषिकेश में कोरोना का 1 नया मामला, जबकि श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में 2 नए मामले सामने आए।
इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 23 पहुंच गई है। इनमें 11 मरीज देहरादून के स्थानीय हैं, जबकि 12 मरीज अन्य राज्यों और जिलों से हैं।
फिलहाल जिले में कोरोना के 4 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 2 मरीज एम्स ऋषिकेश और 1 मरीज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती है।









