November 26, 2026 10:28 pm

बदरीनाथ धाम के कपाट आज रात होंगे बंद, आखिरी दिन पुष्प श्रृंगार में दर्शन देंगे भगवान बदरीविशाल

चारधाम यात्रा: आज रात बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, भक्तों को पुष्प श्रृंगार में दर्शन देंगे भगवान बदरीविशाल

बदरीनाथ मंदिर के कपाट सोमवार को रात 9.37 पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। कपाट बंद किए जाने की प्रक्रियाएं भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया था। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया।

पुष्प श्रृंगार के दर्शन होंगे

आज बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के दिन सोमवार को श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के पुष्प श्रृंगार के दर्शन करेंगे। इस दिन भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार की जगह फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

कपाट बंदी से पहले गर्भगृह में विराजेंगी माता लक्ष्मी

मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा, जबकि शाम सात बजे सांध्य पूजा शुरू होगी। रात साढ़े सात बजे रावल मंदिर में प्रवेश करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा। इसके बाद कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी गर्भगृह से बाहर आएंगे।

सभी देवताओं की आरती के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अगले दिन भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी।

23 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीविशाल के दर्शन कर कपाट बंद करने की तैयारियों के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!