
बैतूल में नेशनल हाईवे-47 पर मंगलवार को सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. चिचोली थाना क्षेत्र के दनोरा-कुमली (टाहली जोड़) के पास तेज रफ्तार टवेरा गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवतियों ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक भीमपुर विकासखंड के ग्राम खड़ीढाना निवासी आंचल सेन (25) इंदौर में प्राइवेट नौकरी करती थी। वह मंगलवार सुबह इंदौर से लौटी थी और फोरलेन हाईवे पर टाहली जोड़ पर उतर गई थी।
घर पहुंचने के लिए उसने अपनी दोस्त खुशी पंडाग्रे (22) को फोन किया था। खुशी महदगांव इलाके की रहने वाली थी और कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी. उनके पिता खेती करते थे.
बताया जाता है कि खुशी अपने भतीजे कपिल बारस्कर (18) के साथ बाइक पर आंचल को लेने टाहली जोड़ पहुंची। कपिल जीन गांव का रहने वाला था. तीनों बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। इस दौरान दनोरा-कुमली जोड़ के पास तेज रफ्तार टवेरा गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंचल सेन और खुशी पंडाग्रे गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों युवतियों को मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को आंचल सेन और खुशी पंडाग्रे के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया। उधर, कपिल बारस्कर का पोस्टमार्टम चिचोली में किया गया। जरूरी प्रक्रियाओं के बाद तीनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया.
ताप्ती घाट पर अंतिम विदाई कपिल बारस्कर और खुशी पंडाग्रे का अंतिम संस्कार ताप्ती घाट पर किया जा रहा है, जबकि आंचल सेन का शव उनके पैतृक गांव खड़ीढाना ले जाया गया है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शवयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए।
चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार टवेरा गाड़ी को जब्त कर लिया है. वे ड्राइवर की तलाश कर रहे हैं. प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है







