
भितरवार कस्बे में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मोहनगढ़ के उपप्रबंधक की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात की है.
बताया जा रहा है कि महिला को सिर में तेज दर्द हो रहा था (माइग्रेन) काफी समय से उनका इलाज चल रहा था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

घटना वार्ड नंबर-8 स्थित सेंट्रल बैंक के पीछे की है. मृतक की पहचान कविता राजपूत (42) पत्नी देवेन्द्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब नौ बजे परिवार के लोग खाना खाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान कविता अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
बेटी ने खिड़की से देखा तो वह फंदे से लटकी हुई थी
जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो उसकी बेटी उसे बुलाने गई। दरवाजा अंदर से बंद पाकर उसने अपने पिता को इसकी जानकारी दी। देवेन्द्र सिंह राजपूत ने खिड़की से झांककर देखा तो कविता फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि कविता कई वर्षों से गंभीर सिरदर्द से पीड़ित थी और उसका इलाज चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह बीमारी के कारण काफी परेशान थीं।

थाना प्रभारी ने कहा- पीएम के बाद आगे की कार्रवाई
सूचना मिलने पर भितरवार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए हैं, अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू हो गई है।

भितरवार थाना प्रभारी सुधीर कुशवाह ने बताया कि एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.









