
Rajnath Singh Salm Rahul Gandhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति का मजाक उड़ाने पर नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने निशाने पर आ गए हैं। अब तमाम बीजेपी मंत्री उन पर चौतरफा हमला कर रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने जोरदार हमला किया।
मोदी सरकार की विदेश नीति का मजाक उड़ाने पर अब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। रक्षा मंत्री राहुल गांधी के इस व्यवहार को अशोभनीय आचरण बताया है। उन्होंने कहा मैंने आज तक किसी नेता प्रतिपक्ष को ऐसा अशोभनीय आचरण अपनाते हुए नहीं देखा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा ‘कल विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और भारत की विदेश नीति पर जो बातें कहीं, वे बहुत छोटी सोच वाली और निंदनीय हैं। यह मेरे लिए भी व्यक्तिगत रूप से दुखद है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में, मैंने विपक्ष के किसी भी नेता का ऐसा अभद्र और अकल्पनीय व्यवहार कभी नहीं देखा।’
आगे उन्होंने कहा ‘ऐसा व्यवहार एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरे का गंभीर संकेत है। राहुल गांधी के मन में पीएम के प्रति निराशा हो सकती है, लेकिन ऐसी अभद्र बातें स्वीकार्य नहीं हैं, खासकर तब जब पीएम मोदी ने देश और विदेश में भारत का मान बढ़ाया हो और ‘विकसित भारत’ का रास्ता तैयार किया हो। 12 वर्षों तक पूरी लगन से काम करते हुए उन्होंने एक भी छुट्टी नहीं ली। ऐसे पीएम के खिलाफ ऐसी अभद्र बातें हर भारतीय को दुख पहुंचाती हैं।
विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को तार-तार कर दिया
आगे उन्होंने कहा ‘मैं कांग्रेस पार्टी से विनम्रतापूर्वक यह भी कहना चाहता हूं कि ऐसी भाषा और व्यवहार के बाद, क्या वे लाल-बाल-पाल और गांधी, पटेल और नेहरू, सुभाष बाबू से लेकर राजेंद्र बाबू और शास्त्री जी और नरसिम्हा राव जी से लेकर प्रणब मुखर्जी तक की विरासत पर कोई दावा कर सकते हैं?
इस व्यवहार से राहुल गांधी ने न केवल पीएम नरेंद्र मोदी का अपमान किया है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को तार-तार कर दिया है। मैं सोच भी नहीं सकता कि गांधी उपनाम वाला कोई व्यक्ति इतनी शर्मनाक बात कह सकता है।”
दरअसल,गुरुवार को राहुल गांधी ने मावलंकर हॉल में कांग्रेस कन्वेंशन के दौरान मोदी सरकार की विदेश नीति की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की विदेश नीति का मतलब सिर्फ गले लगना है। इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी के विदेशी नेताओं से गले मिलने के अंदाज की नकल भी की। अब उनके इस आचरण की चौतरफा आलोचना हो रही है।







