विशेष शिविरों से दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रभावी पहल

 

रायपुर, 14 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संकल्प के अनुरूप प्रदेश में दिव्यांगजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रत्येक शुक्रवार को विकासखंड स्तर पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल दिव्यांगजनों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों में अब तक 49 पात्र हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं। प्रमाण पत्र जारी होने के बाद हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्त पेंशन योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना, निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक के नेतृत्व में शिविरों का नियमित संचालन किया जा रहा है। शिविरों में दिव्यांगजनों की आवश्यक जांच कर नियमानुसार प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्त पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं, 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अलावा निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांग दंपत्तियों को नियमानुसार प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर में अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!