
रायपुर , 13 अगस्त 2026
शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय (मेडिकल विंग) द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवन भर नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली।ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा महाविद्यालय प्रशासन को अभियान में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ से संबंधित पोस्टर और पम्फलेट प्रदर्शित कर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में नशा मुक्ति के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशा मुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है।



