November 27, 2026 2:49 pm

BREAKING NEWS

संविधान गौरव दिवस पर अमित शाह का संदेश, बोले- संविधान की भावना समझना जरूरी

नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने सत्ता हासिल करने का अधिकार जनता को दिया है. साथ ही, जिन लोगों को सत्ता मिलती है, उनके लिए भी संविधान की मर्यादाओं में रहकर शासन चलाने का रास्ता तय किया है। 

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का हर शब्द महान भारत के निर्माण का संदेश देता है. प्रस्तावना में शामिल मूल्य देश की महान संस्कृति और उसके उच्च आदर्शों से जुड़े हैं. इसलिए संविधान का सम्मान करना हर भारतीय का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण दायित्व है। 

‘संविधान को सिर्फ शासन चलाने का दस्तावेज बना दिया गया’

अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद संविधान को केवल शासन चलाने के मार्गदर्शक के तौर पर देखने का प्रयास हुआ. संविधान की मूल भावना को देश के किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने और उसके मूल्यों को स्थापित करने की प्रक्रिया पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। 

उन्होंने कहा कि संविधान के मूल तत्वों और उसकी भावना को समझना जरूरी है. संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे जिन मूल्यों को तय किया था, उन्हें हर नागरिक तक पहुंचाना चाहिए। 

2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला
गृह मंत्री ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में यह फैसला किया गया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और देश के आम नागरिकों तक संविधान के उच्चतम मूल्यों को पहुंचाना है. न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति हर नागरिक को जागरूक और समर्पित करना जरूरी है। 

अमित शाह ने कहा कि संविधान गौरव दिवस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, ताकि देश के नागरिक संविधान की भावना को समझें और उसके मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। 

संविधान सभा में 165 दिन हुई चर्चा, 2473 संशोधन प्रस्तावों पर विचार
गृह मंत्री ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए बताया कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी. इसके बाद 26 नवंबर 1949 तक संविधान पर लंबी चर्चा चली। 

अमित शाह के मुताबिक, संविधान सभा ने 11 सत्रों में कुल 165 दिन काम किया. बाकी समय में अलग-अलग समितियां विभिन्न मुद्दों पर काम करती रहीं. संविधान में संशोधन के लिए करीब 7,635 प्रस्ताव आए, जिनमें से 2,473 औपचारिक प्रस्तावों को छांटकर सदन के सामने रखा गया। 

उन्होंने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान सभा की अध्यक्षता की. अमित शाह ने उनके धैर्य और सहनशीलता की तारीफ करते हुए कहा कि संविधान सभा में अलग-अलग विचारधाराओं और सुझावों को सुनने के बाद उन पर विचार किया जाता था। 

पटेल, अंबेडकर और दुर्गाबाई देशमुख की भूमिका का किया जिक्र

अमित शाह ने संविधान निर्माण में अलग-अलग नेताओं और समितियों के योगदान को भी याद किया। 

– सरदार वल्लभभाई पटेल की अध्यक्षता में मौलिक अधिकारों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों और जनजातीय समूहों के कल्याण से जुड़ी समिति बनी.
– डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की अध्यक्षता में संविधान की प्रारूप समिति ने काम किया.
– दुर्गाबाई देशमुख की अध्यक्षता में समानता, सामाजिक न्याय और महिला कल्याण से जुड़े मुद्दों पर काम हुआ.
– आचार्य नंदलाल बोस ने संविधान की मूल प्रति को कई चित्रों से सजाया.

‘संविधान की मूल प्रति में श्रीराम, बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह के चित्र’

अमित शाह ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भारत की सभ्यता और संस्कृति को दर्शाने वाले चित्र शामिल किए गए हैं. उन्होंने कहा कि इसमें भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी यात्रा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र हैं.

उन्होंने संविधान लेकर चलने वाले लोगों से अपील की कि वे संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान की मूल प्रति देखें और उसके चित्रों के जरिए उसकी भावना को समझें.

अमित शाह ने कहा कि संविधान सभा ने भारत की हजारों साल पुरानी संस्कृति, चिंतन और सभ्यता के मूल्यों को इस दस्तावेज में शामिल किया था.

‘भारतीय लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं’

अमित शाह ने कहा कि संविधान में सिर्फ संविधान निर्माताओं का ज्ञान और अनुभव ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल आम लोगों के सपने और आकांक्षाएं भी शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि 1950 में संविधान लागू होने के बाद देश ने कई उतार-चढ़ाव देखे. इसके बावजूद भारत में संवैधानिक प्रक्रियाओं के जरिए कई बार सत्ता परिवर्तन हुआ और इस दौरान खून का एक कतरा भी नहीं बहा। 

अमित शाह ने कहा कि अंग्रेज जाते-जाते सवाल उठाते थे कि उनके जाने के बाद भारत कैसे चलेगा और क्या देश बिखर जाएगा. लेकिन आज करीब 80 साल बाद भारतीय लोकतंत्र की जड़ें बेहद गहरी हो चुकी हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!