November 21, 2026 8:50 am

BREAKING NEWS

सीएम हेल्पलाइन का असर: तीन माह से बंद सोलर पेयजल संयंत्र फिर हुआ चालू

रायपुर, 16 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। इसका एक प्रेरक उदाहरण रायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत तेंदूमुड़ी के वार्ड क्रमांक 4 में देखने को मिला, जहां तीन माह से बंद पड़े सोलर पेयजल संयंत्र को शिकायत के बाद तत्काल सुधार कर पुनः चालू किया गया। इससे लगभग 50 परिवारों को पेयजल संकट से राहत मिली है।

ग्राम तेंदूमुड़ी निवासी राजेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर बताया कि वार्ड क्रमांक 4 में लगभग 10 वर्ष पूर्व स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र पिछले तीन माह से खराब पड़ा है। संयंत्र बंद होने के कारण वार्ड के करीब 50 परिवारों को पेयजल के लिए प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की अतिरिक्त खपत होती थी।

शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी दल को मौके पर भेजा। निरीक्षण में पाया गया कि संयंत्र में स्थापित सबमर्सिबल पंप खराब होने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह बंद थी। इसके बाद 17 जून 2026 को नया सबमर्सिबल पंप, आवश्यक पाइप एवं नल स्थापित कर सोलर पेयजल संयंत्र को पुनः कार्यशील बना दिया गया। मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही संयंत्र से नियमित पेयजल आपूर्ति प्रारंभ हो गई, जिससे सभी प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा। राजेंद्र कुमार एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद गांव में पेयजल व्यवस्था सामान्य होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। अब घर के समीप ही नियमित रूप से पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे दैनिक जीवन सुगम हो गया है। ग्रामीणों ने समस्या के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!