सीएम हेल्पलाइन बनी छात्रा के सपनों की संबल, जन्मतिथि की त्रुटि सुधरने से उच्च शिक्षा का रास्ता हुआ आसान

रायपुर, 02 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। सरगुजा जिले के ग्राम करिया निवासी छात्रा आराधना सिंह की समस्या का समयबद्ध निराकरण इसका प्रेरक उदाहरण है। आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि के कारण उनकी उच्च शिक्षा और भविष्य की संभावनाएं प्रभावित हो रही थीं, लेकिन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की सक्रिय पहल से समस्या का शीघ्र समाधान हो गया।

आराधना सिंह ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में प्रवेश की तैयारी की थी। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उन्हें पता चला कि उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि लगभग तीन वर्ष गलत दर्ज है, जिससे कॉलेज प्रवेश सहित आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही थी। उन्होंने आधार सेवा केंद्र और डाकघर सहित विभिन्न स्तरों पर सुधार का प्रयास किया, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में समस्या का समाधान नहीं हो सका।

इसी बीच उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों ने छात्रा से संपर्क कर पूरी जानकारी ली और जन्मतिथि संशोधन की निर्धारित प्रक्रिया से अवगत कराया। अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों, शपथ पत्र (एफिडेविट) तथा जन्म प्रमाण पत्र सहित आवेदन की पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शन प्रदान किया।

प्रशासन के मार्गदर्शन के अनुसार आराधना सिंह ने आवश्यक दस्तावेज तैयार कर पुनः आधार सेवा केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग एक सप्ताह के भीतर उनका संशोधित आधार कार्ड जारी कर दिया गया, जिससे जन्मतिथि की त्रुटि पूरी तरह दूर हो गई।

समस्या का समाधान होने पर आराधना सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे बिना किसी बाधा के अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकेंगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पूरे आत्मविश्वास के साथ शामिल हो पाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहयोग नहीं मिलता, तो उनकी समस्या का समाधान इतनी शीघ्रता से संभव नहीं हो पाता।

आराधना सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शासन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उपयोग करें, जहां शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निराकरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!