हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने बुधवार को अपनी पीड़ा व आशंकाओं का जिक्र करते हुए शक्तिशाली गैंग को निशाने पर लिया।
अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक ऐसा नेटवर्क सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार के सदस्यों के फोन भी टैप किए जा रहे हैं और उनकी गाड़ी का हादसा कराया जा सकता है। भावुक होते हुए विधायक ने कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।
हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित ह्रदयेश ने कहा कि बीते डेढ़ साल से वो आशंकाओं के बीच जी रहे हैं। वे कहते हैं, मार भी दोगे मुझे..तो कई सुमित ह्रदयेश खड़े हो जाएंगे…शक्तिशाली गैंग की ओर इशारा करते हुए कहते हैं कि अब इस तरह होगी राजनीति.. सुमित इशारों ही इशारों में किसी गम्भीर बात होने का जिक्र करते हैं। कहते हैं कि कांग्रेस के दो बड़े नेताओं को यह बात पता है। लेकिन खुलासा नहीं करते।
सुमित हृदयेश ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि एआई के माध्यम से उनकी बातचीत की रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर वायरल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत की गई है। साथ ही, अप्रैल 2025 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देने का भी दावा किया।
निजी कंपनियों और प्रभावशाली लोगों पर लगाए आरोप
विधायक ने दावा किया कि इस कथित नेटवर्क में कुछ निजी कंपनियों के साथ प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं। हालांकि, उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस और संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
न्याय नहीं मिला तो गैरसैंण सत्र में आत्मदाह की चेतावनी
सुमित हृदयेश ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस विधायक की ओर से अप्रैल 2025 में दी गई शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई और उनके आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आए। पुलिस और शासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इधऱ, पूर्व मंत्री स्वर्गीय डॉ इंदिरा ह्रदयेश के विधायक पुत्र सुमित ह्रदयेश की प्रेस वार्ता ने कई चर्चाओं को जन्म दे दिया। उन्होंने खुले तौर पर तो कुछ नहीं कहा। लेकिन कुछ बड़े लोगों के गैंग की ओर साफ इशारा अवश्य किया। बार बार आंसू पोछते हुए नजर आए और अपनी जिंदगी को लेकर भी भावुकता में काफी कुछ कह गए।









