
रायपुर, 26 मई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2026” ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक-सामाजिक परिवर्तन और जन-जागरूकता का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम कोपेडीह में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर स्थानीय किसान श्री धारसिंह साहू के लिए बेहद सुखद और लाभकारी साबित हुआ। इस शिविर में उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत 72 हजार रुपये के ऋण का चेक प्रदान किया गया।
समय पर ऋण मिलने से आसान हुई खेती-किसानी
ऋण का चेक प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसान श्री धारसिंह साहू ने कहा कि इस राशि से मैं अपनी खेती-किसानी के कार्यों को और अधिक बेहतर ढंग से कर सकूंगा। मेरे पास 3.32 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें मैं धान और गेहूं की फसल लेता हूं। समय पर ऋण मिलने से अब निंदाई, गुड़ाई, रोपा और अन्य कृषि निवेशों के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि समय पर कृषि कार्य होने से फसल का उत्पादन बढ़ेगा। शासन की किसान हितैषी योजनाओं से होने वाली अच्छी आय की बदौलत ही वे आज अपने बच्चों को बेहतर और उच्च शिक्षा दिला पा रहे हैं।
कृषक उन्नति योजना से मिला संबल; साहूकारों पर निर्भरता खत्म
श्री धारसिंह साहू ने राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें धान खरीदी का बेहतरीन लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए एक वरदान है। इससे कृषि निवेश और पारिवारिक जरूरतों के लिए समय पर बेहद कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हो जाता है। नतीजतन, किसानों को अब स्थानीय साहूकारों के चंगुल में नहीं फंसना पड़ता और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
एक ही छत के नीचे मिल रहीं अनेक शासकीय सेवाएं
साहू ने कहा कि सुशासन तिहार शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की एक नई बयार चली है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटे बिना एक ही स्थान पर निम्नलिखित महत्वपूर्ण योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी (म-ज्ञल्ब्) सत्यापन, राशन कार्ड, आधार कार्ड और श्रम कार्ड सेवाएं और लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस हितग्राहियों को प्रदाय की जा रही है। किसान श्री धारसिंह साहू ने किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित इन जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।







