November 16, 2026 3:19 pm

अन्नदाताओं के सम्मान और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर, 16 नवंबर 2026

बलरामपुर उपार्जन केंद्र में तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर किसानों का तिलक-माला से किया सम्मान

बलरामपुर उपार्जन केंद्र में तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर किसानों का तिलक-माला से किया सम्मान

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परंपरा के अनुरूप तौल मशीन की पूजा-अर्चना की और धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर तथा माला पहनाकर सम्मान किया। मंत्री ने किसानों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बैठकर तौल, टोकन, भुगतान सहित केंद्र की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
किसानों से संवाद करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि धान का हर दाना किसान के महीनों के परिश्रम, धैर्य और उम्मीदों का परिणाम है। किसान जब अपनी उपज लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचता है, तो उसके साथ परिवार के सपने और जरूरतें भी जुड़ी होती हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसान को केंद्र में परेशानी न हो, उसकी उपज की सही तौल हो और मेहनत का पूरा मूल्य समय पर मिले। उन्होंने कहा कि किसानों का मान ही छत्तीसगढ़ की शान है। राज्य सरकार अन्नदाताओं के सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने केंद्र में तौल व्यवस्था, नमी जांच, बारदाना, स्टैकिंग, पेयजल और छाया सहित उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए, तौल पारदर्शी तरीके से हो और किसी किसान को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में प्रति बोरे में 40 किलोग्राम धान की भर्ती की जा रही है। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य है तथा धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी स्वीकार्य है।
जिले में खरीदी के पहले दिन 37 केंद्रों में 6,584 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया, जो पिछले वर्ष के पहले दिन की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक है। मंत्री ने किसानों से ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन लेकर निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा और सूखा धान उपार्जन केंद्र लाने की अपील की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!