November 19, 2026 9:02 pm

खजुराहो में मंदिर की प्राचीन प्रतिमा को चोरों ने बनाया निशाना, भैरवनाथ की चांदी की आंखें चोरी

छतरपुर

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में प्राचीन धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। मतंगेश्वर महादेव मंदिर के प्रवेश द्वार के पास स्थित भैरवनाथ की प्राचीन प्रतिमा से चांदी की आंखें चोरी हो गईं। सोमवार रात तक प्रतिमा पर लगी आंखें मंगलवार सुबह गायब मिलीं। खास बात यह है कि प्रतिमा पश्चिमी मंदिर समूह की चारदीवारी के बाहर स्थित है और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे की निगरानी नहीं है।

पुजारी बोले 36 साल से कर रहा हूं पूजा

यहां के पुजारी जगजीवन महाराज ने बताया कि वे पिछले 36 वर्षों से प्रतिमा की पूजा कर रहे हैं। सोमवार रात करीब 9:15 बजे तक चांदी की आंखें प्रतिमा पर लगी थीं। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पूजा के दौरान वे गायब मिलीं। उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले श्रद्धालु श्याम बिहारी अवस्थी के बेटे ने मन्नत पूरी होने पर ये आंखें लगवाई थीं। पुजारी ने कहा कि यह घटना आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है।

पहले भी हो चुकी है चोरी

पुजारी के अनुसार इससे पहले मतंगेश्वर महादेव मंदिर से पूजा के बर्तन और अन्य सामग्री भी चोरी हो चुकी है। उन्होंने प्रतिमा को बारिश से बचाने के लिए टिनशेड और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग अधिकारियों से की थी। परिसर में कैमरे लगाए गए, लेकिन प्रतिमा के पास कैमरा नहीं लगाया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पश्चिमी मंदिर समूह में सुरक्षा के लिए एएसआई के गार्ड तैनात रहते हैं, इसके बावजूद प्रवेश द्वार के पास स्थित प्रतिमा से चोरी होना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रतिमा के पास सीसीटीवी और टिनशेड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!