November 18, 2026 6:30 pm

BREAKING NEWS

गुरु का आशीर्वाद ही मेरी जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायगढ़, 9 नवम्बर 2026

दीपावली पर्व के दूसरे दिन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम भुईयांपानी पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव में शामिल होकर अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा जी एवं श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया तथा गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शिव मंदिर में जलाभिषेक किया तथा हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपोत्सव का यह पावन पर्व हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाए। गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव हम सब पर बना रहे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का अपने गुरु स्वामी धनपती पंडा जी के प्रति गहरा आध्यात्मिक एवं भावनात्मक जुड़ाव रहा है। महज दस वर्ष की आयु से ही वे गुरुदेव के अनुयायी हैं। जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों और निर्णयों से पहले गुरु का आशीर्वाद लेना उनकी परंपरा रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे इस पवित्र गुरु-शिष्य परंपरा का पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य ने उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण का मार्ग सिखाया है। उनके संस्कारों और आशीर्वाद से ही वे जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ पाए हैं। गुरुदेव ने सिखाया है कि माता-पिता ही हमारे सबसे बड़े गुरु होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान से ही जीवन में सच्चा आनंद एवं पूर्णता प्राप्त होती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा मूल उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। हमारी सरकार को लगभग तीन वर्ष होने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की हर गारंटी को पूरा करने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। हमारा संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर आगे बढ़ रहा है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी अनेक जनहितकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर भी मिल रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शासन और प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए ई-गवर्नेंस प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वहीं सेवा सेतु पोर्टल के जरिए शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन करने में सहूलियत मिल रही है और प्रशासनिक सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी एवं जनसुलभ बन रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में उद्योग, निवेश और अधोसंरचना के विकास के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को विस्तार मिला है। हमारा संकल्प विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहां हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली आए।

सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण, भुईयांपानी और सिरकीनारा के विकास के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के अंतर्गत 7 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने ग्राम भुईयांपानी के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण एवं हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली और टाइल्स लगाने के कार्यों की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम सिरकीनारा में पंचराम भगत के घर से मुख्य मार्ग तक तथा पंचायत भवन से मेहत्तर सिदार के घर तक सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा की। गांधी चौक में बोरवेल एवं पंप स्थापना के लिए भी घोषणा की गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, पूर्व मंत्री श्री सत्यानंद राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भगत, सरपंच श्रीमती ललिता भगत, विजय शंकर पटनायक, शांता साय, जय प्रकाश साय, सहदेव पंडा, संजय पंडा, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!