March 11, 2026 7:13 pm

चित्रकूट चैलेंज कप जबलपुर और पूर्वांचल की महिला टीमों ने फाइनल में बनाई जगह

चित्रकूट सुरेंद्र पाल ग्रामोदय विद्यालय के खेल प्रांगण में चल रहे चित्रकूट चैलेंज कप के महिला वर्ग में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट के पहले मैच में उत्तर प्रदेश की पूर्वांचल और मध्य प्रदेश की रीवा टीम के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। वहीं, दूसरे मैच में जबलपुर ने कानपुर को आसानी से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। 

पहला सेमीफाइनल: रोमांच से भरा मुकाबला

पहले मैच में रीवा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। प्रियंका के शानदार 52 रनों की बदौलत टीम ने 15 ओवर में 86 रन बनाए। पूर्वांचल की दमदार फील्डिंग ने रीवा की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका, जिसमें छह खिलाड़ी रनआउट हुए। पूर्वांचल की गेंदबाज काजल ने 2 विकेट चटकाए, जबकि प्रिया और रिचा ने 1-1 विकेट लिया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वांचल की टीम ने प्रिया पटेल के नाबाद 30 रनों की मदद से यह मुकाबला एक गेंद शेष रहते चार विकेट से जीत लिया। प्रिया को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। 

दूसरा सेमीफाइनल: जबलपुर का एकतरफा प्रदर्शन

दूसरे सेमीफाइनल में जबलपुर की टीम ने कानपुर को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर ने अदिति (17) और स्वीटी (15) की पारियों के दम पर 15 ओवर में 66 रन बनाए। जबलपुर की गेंदबाज रिया यादव और पायल ने 2-2 विकेट लेकर विरोधी टीम को सस्ते में समेट दिया। 

जवाब में, जबलपुर की आफिया ने ताबड़तोड़ नाबाद 42 रन बनाते हुए 8.2 ओवर में टीम को जीत दिला दी। आफिया को शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” का खिताब दिया गया। 

फाइनल मुकाबला आज

आज चित्रकूट चैलेंज कप के महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जबलपुर और पूर्वांचल की टीमों के बीच खेला जाएगा। दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?