छू लो आसमान के 52 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी 2026 में की सफलता हासिल

जनप्रतिनिधियों ने सफल विद्यार्थियों को दी बधाई और की उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
रायपुर, 22 जुलाई 2026

रायपुर : छू लो आसमान के 52 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी 2026 में  की सफलता हासिल

दंतेवाड़ा जिले की आवासीय कोचिंग संस्था ‘छू लो आसमान’ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। संस्था के बालूद और कारली केंद्रों के 158 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 52 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इनमें 11 विद्यार्थियों का एमबीबीएस तथा 11 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस, पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
बालूद केंद्र के 25 विद्यार्थी सफल
बालूद केंद्र से इस वर्ष 65 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी परीक्षा दी, जिनमें से 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक हासिल किए हैं, जिससे उनका एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है। वहीं, 5 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस, पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में चयन संभावित है।

रायपुर : छू लो आसमान के 52 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी 2026 में  की सफलता हासिल
कारली केंद्र के 27 विद्यार्थियों ने पाई सफलता
इसी प्रकार कारली केंद्र से 93 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 27 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 2 विद्यार्थियों का एमबीबीएस तथा 6 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम
‘छू लो आसमान’ संस्था के विद्यार्थियों की यह सफलता जिले में उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कोचिंग सुविधाओं और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। आवासीय कोचिंग व्यवस्था के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सफल विद्यार्थियों को दी बधाई
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने नीट-यूजी 2026 में सफल सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विधायक श्री अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। आने वाले समय में जिले में चिकित्सा प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर कोचिंग सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें। मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।
इस अवसर पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, ‘छू लो आसमान’ के नोडल अधिकारी श्री वेंकट ताती, अधीक्षक श्री राज पाल, अधीक्षिका श्रीमती रविंद्र सैनी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!