
मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि सभी छह लोग महाराष्ट्र के औरंगाबाद के निवासी थे और दिल्ली जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी, तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कार में बैठे लोग फंस गए।
देखिए हादसे के बाद की तस्वीरें





मौके पर जांच करती पुलिस

कार में फंसे शव
एक घंटे तक लोग फंसे रहे
हादसे के बाद कार में सवार लोग करीब एक घंटे तक गाड़ी में ही फंसे रहे. एक्सप्रेस-वे पर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
दो मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों में औरंगाबाद (महाराष्ट्र) निवासी रवींद्र काले और सचिन गंगाधर गजभरे की पहचान की है। अन्य दो मृतकों और दोनों घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस उनके परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे के सर्विलांस सिस्टम की मदद से ट्रक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
सीतामऊ थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।









