राजधानी देहरादून में एक महिला न्यायिक अधिकारी से कैब चालक ने बुधवार शाम यात्रा के दौरान बदसलूकी की।
आरोप है कि चालक ने उनसे तय किराये से दोगुने पैसे मांगे और अपहरण करने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक सुनसान बंद गली में ले गया। उन्होंने कैब प्रोवाइडर कंपनी के अधिकारियों को फोन किया तो उसने राइड रद्द कर दी। गली में खड़े गार्ड ने कारण पूछा तो चालक ने उससे भी मारपीट करने का प्रयास किया। महिला न्यायिक अधिकारी की इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। डालनवाला क्षेत्र की एक सरकारी कॉलोनी से न्यायिक अधिकारी ने एक कंपनी की कैब सौडा सरोली जाने के लिए बुक की थी। यात्रा की दूरी कुल नौ किलोमीटर थी। न्यायिक अधिकारी कार में सवार हुई तो चालक ने एसी चलाने के लिए पूछा। इस पर महिला अधिकारी ने एसी चलाने के लिए हां कर दी।
आरोप है कि रास्ते में चालक ने कहा कि यात्रा नौ किलोमीटर की है तो दोगुना किराया लगेगा। न्यायिक अधिकारी ने चालक से कहा कि वह रुपये वही देंगी जो कंपनी ने बुकिंग के समय तय किया है। इस पर महिला न्यायिक अधिकारी ने कंपनी के अधिकारी को फोन कर दिया। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वह चालक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
आरोप है कि इसके बाद चालक उन्हें रास्ते में एक सुनसान गली में ले गया। यह गली आगे से बंद थी। वह उनसे बदसलूकी करने लगा। वहां खड़े गार्ड ने चालक से पूछा कि क्या बात हुई तो वह इधर उधर की बातें करने लगा। इस पर उसने कहा कि मैडम (न्यायिक अधिकारी) को रास्ता बताना चाहिए था। इस पर गार्ड ने कहा कि रास्ता मैप में तो आता है। इस पर चालक ने गार्ड से भी मारपीट का प्रयास किया। कुछ देर बाद वह गाड़ी से उतरा और राइड कैंसल कर दी।
इस बीच महिला न्यायिक अधिकारी ने कोर्ट मोहर्रिर को फोन किया तो उन्होंने चीता पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस आरोपी चालक को थाने लेकर आई। एसएचओ डालनवाला विनोद गुसाईं ने तायाया कि महिला अधिकारी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।









