August 31, 2026 11:04 pm

नशे के खिलाफ सजग इंडिया की मुहिम पहुंची सेना के बीच, ललित मोहन जोशी ने किया जागरूक

नशे के खिलाफ सजग इंडिया की मुहिम पहुंची सेना के बीच, ललित मोहन जोशी ने किया जागरूक

सेना के अनुशासन से नशे पर प्रहार, ललित मोहन जोशी ने युवाओं को दिखाई स्वस्थ जीवन की राह

लैंसडाउन में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, अग्निवीरों से लेकर जवानों तक ने लिया संकल्प

देहरादून/ लैंसडाउन- सजग इंडिया द्वारा विगत 18 वर्षों से अधिक समय से चलाए जा रहे नशामुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान के तहत पहली बार सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन में अग्निवीरों, सर्विंग ऑफिसर्स, जेसीओ एवं जवानों तथा स्कूली बच्चों से नशामुक्ति को लेकर संवाद किया। कोटद्वार एवं लैंसडाउन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में ट्रेनी अग्निवीरों से संवाद करते हुए एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि सेना में प्रशिक्षण के दौरान जो अनुशासन, जज्बा और देशसेवा की भावना युवाओं में विकसित होती है, उसे उन्हें जीवनभर अपनाना चाहिए। यही अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि अग्निवीर स्वयं नशे से दूर रहकर अपने साथियों, परिवार और समाज के अन्य युवाओं को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने अग्निवीरों से कहा कि माता-पिता के संस्कार और आपकी मेहनत ही आपको देश की सेवा करने का गौरवपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसलिए मातृभूमि की सेवा के साथ-साथ अपने माता-पिता के संस्कारों को आगे बढ़ाना और उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक युवा का दायित्व है।

सैन्य अधिकारियों, जेसीओ और जवानों को संबोधित करते हुए ललित मोहन जोशी ने कहा कि सेना के जवान और अधिकारी देश के युवाओं के सबसे बड़े रोल मॉडल हैं। युवा उन्हें देखकर प्रेरणा लेते हैं। ऐसे में यदि सेना के जवान नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश समाज तक पहुंचाते हैं तो इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा, आज नशा आतंक का एक बड़ा हथियार बन चुका है। आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। हमें मिलकर युवाओं को जागरूक करना होगा, ताकि युवा अपने परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने सजग इंडिया की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम और बारिश के बावजूद सजग इंडिया की टीम ने लैंसडाउन पहुंचकर जिस तरह नशामुक्ति एवं ड्रग अवेयरनेस को लेकर कार्यक्रम किया, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में करीब 2,000 अग्निवीरों, 300 स्कूली बच्चों तथा लगभग 250 सर्विंग ऑफिसर्स, जेसीओ और जवानों ने ललित मोहन जोशी के विचार सुने और उनसे प्रेरणा प्राप्त की।

ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में बेहद प्रभावी हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग उन्मूलन के क्षेत्र में सजग इंडिया का यह प्रयास एक सराहनीय और महत्वपूर्ण पहल है, जिससे सेना के जवानों, अग्निवीरों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला। उन्होंने इस पहल के लिए एडवोकेट ललित मोहन जोशी और सजग इंडिया की पूरी टीम का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में कर्नल मनोज उनियाल, कर्नल जगत सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार सैनी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आर. डी. वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल धनेश, मेजर दिलबाग सिंह, कैप्टन नवजोत, लेफ्टिनेंट कर्नल एस. शेखर, लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, मेजर इंद्रमणि, मेजर फ्रांसिस, सूबेदार मेजर नंद किशोर, सूबेदार मेजर पुरन सिंह, सूबेदार मेजर सुखबीर सिंह, नायब सूबेदार नागेंद्र सिंह नेगी , सूबेदार हीरा सिंह सहित गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के 300 से अधिक जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!