November 24, 2026 10:21 pm

BREAKING NEWS

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप शहरों को आर्थिक विकास के सशक्त केंद्र बना रही डबल इंजन सरकार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से नगरीय विकास को मिल रही नई गति

रिसाली में पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए और सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा

नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा

रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी : उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव

रायपुर, 24 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और राज्य सरकार की पहल से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन की सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सोच है कि शहर केवल आबादी के केंद्र न रहें, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के केंद्र बनें। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

*मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से मुख्य सड़कों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। राज्य के छोटे-बड़े सभी शहरों में विकास की समान गति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। रिसाली नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास भी इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा है।

*रिसाली में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

उन्होंने  कहा कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। इसी प्रकार डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। मैत्री नगर में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य किए जाएंगे।

इसी प्रकार तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में लगभग 98 लाख रुपए से अधिक की लागत से विकास कार्य होंगे। डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपए की लागत से विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है। इन विकास कार्यों से रिसाली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

*रिसाली के लिए मुख्यमंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं*

मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर द्वारा रखी गई मांगों पर रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को भी पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रिसाली के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।

*मोदी की गारंटी से किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन में आ रहा बदलाव*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने बीते लगभग तीन वर्षों में जनकल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ की गई है। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में यह भी निर्णय लिया है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खेती-किसानी अधिक लाभकारी बने।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए गांवों के साथ शहरों का संतुलित विकास आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास की इस यात्रा में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया तथा कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

*रिसाली के विकास में पैसे की कमी नहीं होगी : उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव*

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। प्रदेश के नगरीय निकायों ने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने रिसालीवासियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने अपने स्वागत उद्बोधन में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों तथा रिसाली क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

*95 हितग्राहियों को मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज कल्याण विभाग की हितग्राही चंचला दुर्गा एवं रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता सामग्री और लाभ वितरित किए गए।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री रिकेश सेन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष श्री राकेश पांडे, दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं श्री सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!