
बचपन प्ले स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया श्री कृष्ण जन्मोत्सव
एमसीबी जिला के मनेंद्रगढ़ शहर के लोकप्रिय प्ले स्कूल ‘बचपन प्ले स्कूल’ में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं पैजामा-कुर्ता और लहंगा-चोली जैसे रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे पहुंचे। छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सजे इतने सुंदर लग रहे थे कि पूरे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय हो गया।
विद्यालय परिसर में पूरे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने उत्सव में रोमांच भर दिया। यूकेजी और नर्सरी कक्षा के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि एलकेजी कक्षा के नन्हें कलाकारों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में रैंप वॉक कर सभी का दिल जीत लिया।
संस्था की काउंसलर श्रीमती सोनाली दास ने बच्चों को भगवान श्री कृष्ण के जन्म से जुड़ी रोचक कथाएं सुनाईं और कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। डायरेक्टर श्रीमती ज्योति ताम्रकार ने बाल लीलाओं और कंस वध की कथा विस्तार से सुनाते हुए सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मिष्ठान वितरण किया गया और भगवान श्री कृष्ण को प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं सबा परवीन, रेखा दोहरे, साधना सिंह, अंकिता तिवारी, आरिका खान, वैष्णवी जायसवाल, राशि गुप्ता, रेणुका चौधरी, शिल्पी सिन्हा, प्रियंका सिंह, सुनीता राम, राधा पांडे, पूजा सोंधिया, शालिनी वर्मा और बी. साई प्रीति का सराहनीय योगदान रहा।








