
देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। अब भोपाल में पेट्रोल की कीमत घटकर 119.79 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 102.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
वैश्विक बाजार में कच्चा तेल सस्ता होने से राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरकर 73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं. अमेरिका-ईरान विवाद के चलते यह 100 डॉलर के पार पहुंच गया था। तनाव कम होने से कीमतें घटी हैं.
7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू
नायरा एनर्जी के देशभर में 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। नई दरें कंपनी के सभी स्थानों पर लागू कर दी गई हैं. हालाँकि, विभिन्न राज्यों में अलग-अलग स्थानीय कर और मूल्य वर्धित कर दरों के कारण, प्रत्येक शहर में खुदरा कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।
सरकारी कंपनियों ने नहीं घटाए दाम
एक तरफ जहां निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने कीमतें कम कर दी हैं. वहीं सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।

सरकारी कंपनियों ने मई में कीमतें बढ़ा दी थीं
निजी कंपनी द्वारा कीमतें बढ़ाने के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ा दीं. मई में आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने महंगे अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल का हवाला देते हुए किश्तों में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में औसतन ₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। देश के 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों में से 90 फीसदी से ज्यादा पर इन तीन सरकारी कंपनियों का नियंत्रण है.









