November 13, 2026 11:26 am

BREAKING NEWS

हरिद्वार में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण, सीएम धामी बोले- गौसंरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

हरिद्वार। निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गौ आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसंरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला का अभियान अब पांच राज्यों तक पहुंच चुका है। संस्था की ओर से 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था के साथ संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित कर रही है। बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं।

धामी ने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में निराश्रित गोवंश का संरक्षण चुनौती बन गया है। इसके लिए गौशालाओं के निर्माण के साथ गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना जरूरी है। इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस कार्य के लिए संस्था से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!