November 20, 2026 3:32 pm

BREAKING NEWS

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

पौड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है।

जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी पंचूर गांव में ही रह रही थीं। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को भी बुलाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों और परिचितों के अलावा ग्रामीणों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था। उस समय कोरोना संक्रमण के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय-समय पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर मां से मुलाकात करते रहे थे। फरवरी 2026 और मई 2022 में भी उन्होंने गांव पहुंचकर अपनी माता का हालचाल जाना था। अब उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!