राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है – श्री राजेश अग्रवाल

अम्बिकापुर, 24 मई 2026

राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है

छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा अंबिकापुर विधायक श्री राजेश अग्रवाल ने आज सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लक्ष्मणगढ़, शंकरपुर, कुमदेवा एवं सायर में विभिन्न मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ संपन्न हुए कार्यक्रमों में पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। ग्राम लक्ष्मणगढ़ में सुआहारिन मंदिर, ग्राम शंकरपुर एवं कुमदेवा में शिव मंदिर तथा ग्राम सायर में मंदिर जीर्णोद्धार कार्यों के शुभारंभ अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंदिर हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे धार्मिक कार्य समाज में श्रद्धा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को और अधिक मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनता है। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं क्षेत्र की आराध्य शक्तियों से समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने क्षेत्र की उन्नति एवं जन-जन की प्रगति के लिए ईश्वर से आशीर्वाद भी मांगा। कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा ग्रामीणों ने मंदिर जीर्णोद्धार कार्यों के लिए राज्य सरकार एवं मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13783/ 86

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!