’सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न’

’जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें: सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े’

’सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा’

’किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता और फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर’

रायपुर, 16 जुलाई 2026

लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष, जांजगीर-चांपा में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा मत्स्य पालन को आजीविका के प्रभावी माध्यम के रूप में बढ़ावा देने पर जोर दिया।

सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिले की सभी क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने, निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने तथा शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में सांसद ने किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी रखने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी बल दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित एवं प्रभावी संचालन, बच्चों तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा सेवाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल संरक्षण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सांसद ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने चिरायु योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, सिकल सेल उन्मूलन अभियान, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान एवं राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में विद्यालय संचालन नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना में गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी विद्यालय परिसरों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी बल दिया।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में सांसद ने पात्र हितग्राहियों के व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आरसेटी के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की विकास संबंधी समस्याएं भी उठाई गईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सांसद ने सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!