
अलीराजपुर जिले के बोरी इलाके में शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर लूटपाट की. बदमाशों ने महिला को बांध दिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उन्होंने उसके प्राइवेट पार्ट में डंडा डाल दिया. पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है. निष्पक्ष जांच, आर्थिक सहायता और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की जा रही है. उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को एसपी ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये.
8 किलो चांदी की तलाश में घर को खोद डाला
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाश दरवाजा तोड़कर पीड़ित महिला के घर में घुस गये. बदमाशों ने तमंचे के बल पर महिला को बांध दिया और निर्वस्त्र कर दिया।
बदमाशों को शक था कि महिला ने घर में 8 किलो चांदी छिपा रखी है. डरी हुई महिला ने अपने पास मौजूद एक किलोग्राम चांदी उन्हें सौंप दी, लेकिन वे बाकी चांदी पर जोर देने लगे। चांदी की तलाश में बदमाशों ने घर का सामान बिखेर दिया और अंदर तीन-चार जगह खोदाई की।

पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है
अस्पताल में भर्ती, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए. बोरी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
निष्पक्ष जांच, आर्थिक सहायता और थाना प्रभारी को हटाने की मांग
अलीराजपुर जिले के बोरी क्षेत्र में आदिवासी विधवा से लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है. आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता महेश पटेल ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला अपराध बताया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया. आदिवासी विकास परिषद ने सरकार और प्रशासन के सामने 4 मांगें रखी हैं
- घटना की निष्पक्ष, त्वरित एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- अपराध में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
- गंभीर रूप से घायल पीड़ित को तुरंत बेहतर इलाज, सुरक्षा, आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
- संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल उनके पद से हटाया जाए।
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी
महेश पटेल ने कहा कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया और थाना प्रभारी को हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं की गई तो आदिवासी विकास परिषद पूरे जिले में व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी.

अलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
विधवा महिला के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद शनिवार को अलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित महिला के घर और आसपास के इलाके का गहनता से निरीक्षण किया. एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने कहा-
मामले में अधिकारियों को त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इस अमानवीय कृत्य के किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।










