CM Dr Mohan Yadav :
प्रशासन में मचा हड़कंप, पेट्रोल पंप सील
रतलाम।
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। ‘एमपी राइज 2025’ कॉन्क्लेव में शामिल होने आ रहे सीएम के काफिले की करीब 19 गाड़ियों में डीजल की जगह पानी भर दिया गया। यह चौंकाने वाली लापरवाही ढोसी गांव के पास स्थित एक भारत पेट्रोल पंप पर सामने आई।

कुछ दूर चलते ही बंद हो गईं गाड़ियां
गुरुवार रात काफिले के वाहन तय प्रक्रिया के तहत डीजल भरवाने पेट्रोल पंप पर पहुंचे। लेकिन डीजल भरवाने के कुछ ही मिनटों बाद, गाड़ियां चलते-चलते झटका लेकर एक-एक कर बंद हो गईं।
वाहन चालकों ने तुरंत स्थिति की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और पेट्रोल पंप पर शिकायत की।
पेट्रोल पंप बना गैरेज, टैंक से निकला पानी
जब प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी वाहनों के डीजल टैंक खाली करवाए गए, तो टैंकों से पानी निकलता देख अफसरों के होश उड़ गए।
कुछ ही देर में पेट्रोल पंप पर कई अन्य वाहन चालक भी पहुंचे और वही शिकायत दोहराई – “डीजल की जगह पानी भर दिया गया।”
पेट्रोल पंप को किया गया सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
पंप पर पूरे काफिले की गाड़ियों की जांच और मरम्मत का काम शुरू हो गया। वहां का नजारा देखते ही बनता था – दर्जनों गाड़ियां, खुले टैंक और चारों ओर गाड़ियों की लाइन, मानो पूरा पंप एक अस्थायी गैरेज बन गया हो।
प्रशासन में हड़कंप, जांच शुरू
मुख्यमंत्री के काफिले में इस तरह की लापरवाही से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने डीजल सप्लाई की गुणवत्ता और पेट्रोल पंप की जांच शुरू कर दी है।
पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जा रही है। संदेह है कि यह केवल तकनीकी गलती नहीं, बल्कि लापरवाही या बड़ी चूक का नतीजा हो सकती है।
पड़ताल जारी, जिम्मेदार तय होंगे
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं और संबंधित विभागों से जवाब-तलबी की जा रही है। यदि यह लापरवाही साबित होती है, तो पेट्रोल पंप संचालक और संबंधित सप्लायर पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा और आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन अब इस चूक की तह तक जाने में जुटा है।








