
कॉमेडियन और एक्टर वीर दास ने कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट बंद किए जाने की कड़ी निंदा की है. उनका कहना है कि इस पार्टी का आंदोलन सही है या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा. हालाँकि, युवाओं के समर्थन की भावना पूरी तरह से स्पष्ट और उचित है।
वीर दास ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से लिखा-
“कॉक्रोच जनता पार्टी वास्तव में एक सही आंदोलन है या नहीं, यह अभी असली सवाल नहीं है। समय इसका उत्तर देगा। लेकिन उन्हें जो समर्थन मिला, युवाओं के बीच जो भावना देखी गई, और जिस तरह की चीजें सामने आईं, वह सब पूरी तरह से वास्तविक और उचित है। और यदि यह पर्याप्त नहीं था, तो उनके खाते बंद करने जैसी मूर्खतापूर्ण हरकतों ने उनकी बात को और अधिक मान्य कर दिया है।”

कॉकरोच जनता पार्टी क्या है और क्यों हुआ विवाद?
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने 15 मई को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की। यह बयान जल्द ही वायरल हो गया, जिसके बाद अभिजीत दीपक ने कॉकरोच जनता पार्टी नाम से एक अकाउंट बनाया।
इस अकाउंट से सरकार के खिलाफ मीम्स और युवा मुद्दों से जुड़े पोस्ट किए गए, जो वायरल होने लगे और देखते ही देखते अकाउंट के फॉलोअर्स तेजी से बढ़ने लगे।

18 मई को इस अकाउंट के फॉलोअर्स पहले 5 मिलियन, फिर 10 और फिर 13 मिलियन तक पहुंचे, जिसके बाद इसे राष्ट्रीय कवरेज मिला। और CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ट्रेंड करने लगा. महज 4 दिन में इस अकाउंट के फॉलोअर्स की संख्या 22 मिलियन तक पहुंच गई है, जबकि भारतीय जनता पार्टी के फिलहाल सिर्फ 9 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
21 मई को कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया, जिसके बाद एक नया अकाउंट बनाया गया, जिसमें लिखा था, 'कॉकरोच मरते नहीं।'

देखते ही देखते इस दूसरे अकाउंट के फॉलोअर्स भी बढ़ने लगे. अब, आज पेज बनाने वाले अभिजीत दीपक ने एक्स पर दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। वह अपने खाते में लॉग इन करने में असमर्थ है, हालाँकि उपयोगकर्ता अभी भी खाता देख सकते हैं।









