
अनुपमा फेम एक्ट्रेस रूपाली गांगुली को घंटों बिजली कटौती पर सवाल उठाने के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, रूपाली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि कल रात उनके घर पर करीब 5 घंटे तक बिजली नहीं थी। उनके इस सवाल पर कुछ ट्रोल्स ने एक्ट्रेस को ट्रोल करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करती हैं, लेकिन अब असुविधा होने पर शिकायत भी कर रही हैं. मुंबई के वर्सोवा इलाके में रहने वाली रूपाली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि शनिवार रात 11 बजे से उनकी इमारत और आसपास की दो अन्य इमारतों में बिजली नहीं है। रूपाली ने बिजली आपूर्ति कंपनी अडानी ग्रुप को टैग करते हुए उनकी चैटबॉट सेवा पर गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया।

रात एक बजे से बिजली पूरी तरह से गुल रूपाली गांगुली ने रविवार सुबह करीब 5:29 बजे एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा कि शनिवार रात 11 बजे से उनकी बिल्डिंग समेत दो अन्य सोसायटी में बिजली की समस्या शुरू हो गई। पहले तो लाइटें टिमटिमाती रहीं, लेकिन रात एक बजे से बिजली पूरी तरह गुल हो गई। उन्होंने मुंबई जैसे बड़े शहर में इतनी लंबी बिजली कटौती की समस्या पर हैरानी जताई.
कंपनी की चैटबॉट सर्विस पर उठे सवाल एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में अडानी ऑनलाइन को टैग करते हुए कंपनी की ग्राहक सेवा की आलोचना की. उन्होंने लिखा, 'आपका बेकार चैटबॉट पिछले 4 घंटों से कह रहा है कि समस्या 34 मिनट में ठीक हो जाएगी। अब यह कह रहा है कि इलाके में बिजली गुल ही नहीं है.' रूपाली ने कहा कि डिजिटल हेल्प डेस्क से कोई सटीक जानकारी नहीं मिल रही है और लोग परेशान हो रहे हैं.

अभिनेत्री रूपाली गांगुली.
छोटे शहरों और गांवों के हालात पर चिंता जताई मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी कहा जाता है। इसका जिक्र करते हुए रूपाली ने लिखा, 'जब फाइनेंशियल कैपिटल (वित्तीय राजधानी) में ऐसा हो रहा है तो मैं सोच भी नहीं सकती कि छोटे शहरों और गांवों में रहने वाले लोगों पर क्या बीत रही होगी।' मुंबई के अलग-अलग इलाकों में बिजली कटौती को लेकर रूपाली की पोस्ट पर कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी कमेंट किया.
सवाल उठाने पर ट्रोल हुईं एक्ट्रेस
रुपाली गांगुली के सोशल मीडिया पोस्ट पर यूजर्स ने भी नाराजगी जाहिर की है. रविवार सुबह करीब 7:30 बजे रूपाली ने कमेंट बॉक्स में अपडेट करते हुए लिखा कि बिजली अभी तक नहीं आई है. उनकी पोस्ट पर एक यूजर ने राजनीतिक तंज कसते हुए कमेंट किया, 'और तारीफ करो मोदी जी की.'
इसी बीच एक यूजर ने लिखा कि पूरी रात गर्मी और उमस के कारण हालात काफी खराब रहे. सुबह हमारी बिल्डिंग के ए-विंग से एक व्यक्ति अडानी के ऑफिस भी गया लेकिन वह बंद मिला। एक अन्य यूजर ने लिखा कि बड़े शहरों में इन दिनों अचानक बिजली कटौती फिर से शुरू हो गई है.





