
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहिद और रश्मिका की जोड़ी 'कॉकटेल 2' के बाद एक बार फिर रोमांटिक कॉमेडी में नजर आ सकती है। – फाइल फोटो
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'कॉकटेल 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है, जिन्होंने 2012 की फिल्म 'कॉकटेल' का भी निर्देशन किया था।
हालांकि यह फिल्म सीधे तौर पर 'कॉकटेल' की कहानी को आगे नहीं बढ़ाती है, लेकिन इसकी थीम रिश्तों, दोस्ती और प्यार के जटिल समीकरणों पर आधारित है। इस बार फिल्म में बिल्कुल नई स्टारकास्ट और नई कहानी होगी।

ट्रेलर में शाहिद, कृति और रश्मिका द्वारा निभाए गए किरदारों के बीच विकसित होते रिश्तों को दिखाया गया है। कहानी एक प्रेम त्रिकोण के इर्द-गिर्द घूमती है जहां दोस्ती और प्यार की सीमाएं धुंधली होने लगती हैं। यह फिल्म आधुनिक रिश्तों की जटिलताओं और भावनात्मक संघर्षों पर केंद्रित है।
फिल्म की कहानी तरुण जैन और लव रंजन ने लिखी है। इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया है, जबकि गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। ट्रेलर में लोकप्रिय गीत 'तुम्ही हो बंधु' की वापसी भी दिखाई गई है, जो सैफ अली खान अभिनीत पहली फिल्म का एक प्रसिद्ध गीत था। फिल्म को दिनेश विजन और लव रंजन ने प्रोड्यूस किया है।
शाहिद और कृति इससे पहले 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' में साथ नजर आ चुके हैं, जबकि रश्मिका पहली बार इस जोड़ी के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं. यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहिद और रश्मिका की जोड़ी 'कॉकटेल 2' के बाद एक और रोमांटिक कॉमेडी में नजर आ सकती है। हालाँकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।









