जशपुर की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफल आयोजन

रायपुर, 08 जुलाई 2026

 जशपुर की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफल आयोजन

 जशपुर की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफल आयोजन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से जशपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों, तकनीकी सहायकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रोजगार दिवस के दौरान ग्रामीणों को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VB-GRAMG) के तहत रोजगार की मांग, समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था, मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया तथा श्रमिकों के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मिशन के अंतर्गत लागू नई 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी दर के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों से रोजगार कार्यों में भागीदारी करने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से जुड़े कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि तालाब निर्माण एवं जीर्णाेद्धार, डबरी निर्माण, नाला उपचार, कंटूर ट्रेंच, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, वृक्षारोपण तथा अन्य जल संरक्षण कार्यों को मिशन के तहत प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। इन कार्यों से वर्षा जल संचयन, भू-जल संवर्धन, कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ बनाने में मदद मिल रही है।

इस अवसर पर विकसित भारत ग्राम पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने, ग्राम स्तरीय अभिलेख एवं एमआईएस अद्यतन करने, क्षमता विकास, कौशल उन्नयन, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास संबंधी गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। ग्राम पंचायतों को योजनाबद्ध, आत्मनिर्भर और विकासोन्मुख बनाने के लिए सभी हितधारकों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया गया।
आवास दिवस के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास निर्माण की प्रगति, जियो टैगिंग, निर्माण गुणवत्ता, किश्तों के भुगतान तथा निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण करने संबंधी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि VB-GRAMG के तहत बढ़ी हुई 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी से ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। जल संरक्षण कार्यों में जनभागीदारी से भविष्य की जल सुरक्षा, कृषि समृद्धि और सतत ग्रामीण विकास की मजबूत नींव तैयार होगी। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से विकसित भारत पंचायत प्लान के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!