July 12, 2026 10:54 pm

वन महोत्सव : जशपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिल रहा जनसमर्थन

रायपुर, 12 जुलाई 2026

वन महोत्सव के अवसर पर जशपुर वनमण्डल में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। वन परिक्षेत्र पत्थलगांव, बगीचा और कांसाबेल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, वन सुरक्षा समितियों, स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया।

शासकीय प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (पत्थलगांव), बालक आश्रम बिमड़ा (बगीचा) तथा आंगनबाड़ी केन्द्र लमडांड एवं प्राथमिक स्कूल केन्दुटोला (कांसाबेल) में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान छायादार, फलदार एवं स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर अतिथियों और वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय संकट और जैव विविधता संरक्षण जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि श्एक पेड़ माँ के नामश् अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृत्व के सम्मान, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और भावी पीढि़यों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल, जल संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।

वन विभाग द्वारा वन महोत्सव के दौरान जशपुर वनमण्डल के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा मंडलों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जा सके।

वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो यह अभियान हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और लगाए गए पौधों की देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!