
बागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग से मारपीट और कथित वीआईपी ट्रीटमेंट विवाद ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने गुरुवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग को प्रशासन से विशेष संरक्षण मिल रहा है. उन्होंने मांग की कि इस मामले में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भी जांच के दायरे में लाकर आरोपी बनाया जाए और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए.
डॉ. मनोज यादव ने कहा कि छतरपुर के कोंदा गांव में मारपीट के आरोपी शालिग्राम गर्ग को पुलिस द्वारा प्राइवेट इनोवा कार से जेल ले जाना इस बात का संकेत है कि उन्हें विशेष सुविधाएं दी गई थीं. उन्होंने सवाल उठाया कि आम आरोपियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों नहीं किया जाता, फिर शालिग्राम गर्ग को वीआईपी ट्रीटमेंट क्यों दिया गया?
शालिग्राम गर्ग का खुला आतंक
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग का इलाके में खुला आतंक है. उन्होंने दावा किया कि बागेश्वर धाम से जुड़ी कई जमीनें और संपत्तियां शालिग्राम गर्ग के नाम पर हैं।
उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने भाई के नाम पर जमीन और संपत्ति खरीदते हैं। ऐसे में इन संपत्तियों और धन के स्रोत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जांच में धीरेंद्र शास्त्री को भी शामिल करने की मांग
मनोज यादव ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यह कहकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते कि पिछले दो साल से उनका अपने भाई से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच के दायरे में धीरेंद्र शास्त्री को भी शामिल किया जाए और जरूरत पड़ने पर आरोपी भी बनाया जाए.
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उनकी पहचान या प्रभाव के आधार पर विशेषाधिकार नहीं मिलना चाहिए।
साथ ही नेताओं पर भी निशाना साधा
प्रेस वार्ता में मनोज यादव ने कमल नाथ, नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, पीसी शर्मा, लाखन पटेल, तरूण भनोट और अजय टंडन सहित विभिन्न दलों के नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि वे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लेने के लिए समय-समय पर बागेश्वर धाम आते रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि उन नेताओं की राजनीतिक हैसियत आज सबके सामने है.
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को समर्थन
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने दतिया विधानसभा उपचुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने दतिया सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को अपना समर्थन देने का फैसला किया है.
क्या है पूरा मामला?
छतरपुर जिले के कोंडा गांव में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर ग्रामीणों के साथ मारपीट और झगड़ा करने का आरोप लगा है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस वाहन के बजाय निजी इनोवा कार में जेल ले जाने का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद वीआईपी ट्रीटमेंट के आरोप लगे। अब इस मामले को लेकर विपक्षी दल सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.









