July 17, 2026 11:56 pm

छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास एवं सदस्य देवशरण सेन ने संभाला पदभार

रायपुर, 17 जुलाई 2026

बोर्ड के माध्यम से केश शिल्पी एवं सेन समाज के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की

बोर्ड के माध्यम से केश शिल्पी एवं सेन समाज के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की

छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास तथा सदस्य श्री देवशरण सेन ने शुक्रवार को बोर्ड कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अपने प्रथम संबोधन में अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि राज्य सरकार ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि केश शिल्पी समुदाय एवं सेन समाज के समग्र विकास के लिए ठोस और परिणाममुखी कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। बोर्ड के माध्यम से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के उत्थान और हितों की रक्षा के लिए सभी के सुझावों और सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी।

नवनियुक्त सदस्य श्री देवशरण सेन ने भी समाज के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास और कल्याणकारी गतिविधियों को नई गति देने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

पदभार ग्रहण के अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं बोर्ड कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही सेन समाज के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठजन, समाज के प्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्य का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान बोर्ड की भावी कार्ययोजना, केश शिल्पी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान, युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा समाज के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने समाज की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं से भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!