
अभिनेता और डांसर राघव जुयाल ने अपने जन्मदिन की पार्टी के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें वह अभिनेत्री शहनाज गिल को पैपराजी और प्रशंसकों की भीड़ से बचाते नजर आ रहे थे। अपनी बर्थडे पार्टी के बाद लोगों से बचाने के लिए उन्होंने कार के अंदर ही शहनाज को गोद में उठा लिया था।
पिंकविला से बातचीत में राघव ने साफ किया कि किसी भी महिला की सुरक्षा करना उनके लिए कोई पब्लिसिटी स्टंट नहीं है, बल्कि उनकी मूल प्रवृत्ति है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई महिला उनके साथ होगी तो वह 'आखिरी सांस तक उसकी रक्षा करेंगे।'
राघव के मुताबिक, उनके माता-पिता ने उन्हें हर हाल में महिलाओं का सम्मान करना और उनकी रक्षा करना सिखाया है।

राघव जुयाल का पूरा बयान
राघव ने कहा, “मेरे माता-पिता ने मुझे एक जिम्मेदार आदमी बनना सिखाया है। अगर मैं पुरुषों के एक समूह को किसी महिला को परेशान करते हुए देखता हूं, तो मैं तुरंत हस्तक्षेप करूंगा क्योंकि मैं इसी तरह बड़ा हुआ हूं। मुझे कभी भी ऐसी स्थितियों को नजरअंदाज करना नहीं सिखाया गया है।”
“मुझे सिखाया गया है कि जरूरत पड़ने पर मैं उस व्यक्ति को मुंहतोड़ जवाब दे सकता हूं। मैं अपनी आखिरी सांस तक रक्षा करूंगा। चाहे आप हों या कोई अन्य महिला, अगर वह मेरे साथ है, तो मेरी पहली प्रवृत्ति उसकी रक्षा करने की होगी। यह मेरा स्वभाव है और यह कभी नहीं बदलेगा।”
“अगर मैं किसी महिला को प्रताड़ित होते देखता हूं तो उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। मैं जानता हूं कि ऐसी स्थितियों से कैसे निपटना है। उस वक्त मैं अपनी सेलेब्रिटी इमेज या लोग क्या कहेंगे, इसके बारे में बिल्कुल नहीं सोचता। मैं बस वही करता हूं जो मुझे सही लगता है।”

शहनाज गिल ने कहा-राघव खास दोस्त हैं
डेटिंग की अफवाहों के बीच शहनाज गिल ने राघव जुयाल को अपना बेहद करीबी और अच्छा दोस्त बताया. उन्होंने लोगों से उनकी आने वाली फिल्म का समर्थन करने की भी अपील की.
पिंकविला को दिए इंटरव्यू के दौरान जब शहनाज से राघव जुयाल के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'प्लीज, मुझसे पर्सनल सवाल न पूछें।'
हालांकि, शहनाज ने कहा, “मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरे दोस्त की फिल्म आ रही है। 'भाई तेरा स्टार है' इसलिए मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि आप उनकी फिल्म को जरूर सपोर्ट करें। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और उनकी फिल्म का अच्छा प्रदर्शन करना बहुत जरूरी है।”
दोस्ती काफी समय से चर्चा में है
शहनाज गिल और राघव जुयाल की दोस्ती काफी समय से चर्चा में है। दोनों ने 2023 में सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में साथ काम किया था। तभी से दोनों के अफेयर की खबरें सामने आ रही हैं। हालाँकि, शहनाज़ और राघव ने हमेशा एक-दूसरे को सिर्फ अच्छा दोस्त बताया है।

फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में राघव ने 'इश्क' और शहनाज गिल ने इश्क की प्रेमिका 'सुकून' का किरदार निभाया था। वर्कफ्रंट की बात करें तो राघव की आने वाली फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' का ट्रेलर कल रिलीज हुआ।
ट्रेलर में राघव कॉमिक अवतार में नजर आ रहे हैं. फिल्म में वह अजय सिंह का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में संजय कपूर, चंदन रॉय सान्याल, बरखा सिंह, टीना देसाई और विवान भटेना समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्देशन विवेक बी अग्रवाल ने किया है और यह 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आपको बता दें कि राघव जुयाल का जन्म 10 जुलाई 1991 को हुआ था। आज वह 35 साल के हो गए हैं।
मुंबई में राघव की बर्थडे पार्टी में आर्यन खान, मुनव्वर फारुकी, बादशाह, सान्या मल्होत्रा, मोना सिंह, संजय कपूर और अमीषा पटेल जैसी कई हस्तियां शामिल हुईं।
देखें राघव की बर्थडे पार्टी की तस्वीरें-















