August 9, 2026 3:07 pm

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का किया शुभारंभ

रायपुर, 8 अगस्त 2026

 

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ कार्यक्रम से जुड़े। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा इसकी स्थापना की गई है। इसकी शुरुआत सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक एवं हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी भी मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इस अभिनव पहल को आम जनता को समर्पित करते हुए इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता एवं सुगम सेवा वितरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

शुभारंभ के दौरान अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के प्रति लोगों में विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली। मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित नागरिकों ने इस आधुनिक व्यवस्था की सराहना की।

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की कार्यप्रणाली

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी है। हितग्राही मशीन के समक्ष निर्धारित स्थान पर खड़ा होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण (फिंगरप्रिंट) करता है। इसके पश्चात स्क्रीन पर उपलब्ध राशन एवं उसकी मात्रा प्रदर्शित होती है, जिसकी पुष्टि हितग्राही द्वारा की जाती है। हितग्राही अपने खाली बैग अथवा थैले को डिस्पेंसर के नीचे रखकर डिस्पेंस बटन दबाता है। कुछ ही सेकंड में निर्धारित मात्रा का खाद्यान्न स्वतः मशीन से निकलकर बैग में भर जाता है। इसके बाद हितग्राही राशन प्राप्त कर स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि करता है। यह प्रणाली राशन वितरण में मानवीय त्रुटियों को कम करने, समय की बचत करने तथा हितग्राहियों को त्वरित, सटीक एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जनता में उत्साह का माहौल

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुभारंभ से आम जनता एवं राशन कार्डधारी हितग्राहियों में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। हितग्राहियों ने मशीन की सरल कार्यप्रणाली, सटीक तौल एवं त्वरित वितरण व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में एक सकारात्मक परिवर्तन बताया। नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तकनीक आधारित व्यवस्था से राशन वितरण अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगा।

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के प्रारंभ होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक आधारित सुधारों को नई गति मिलेगी तथा हितग्राहियों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुभारंभ कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, विश्व खाद्य कार्यक्रम की सुश्री नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!