August 18, 2026 1:20 am

BREAKING NEWS

नितिन नबीन की नई टीम में अनुभव और एनर्जेटिक युवाओं का बैलेंस, विकसित भारत 2047 पर फोकस; इस तारीख को पहली मीटिंग

Nitin Nabin’s New Team: बीजेपी ने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में सोमवार को कुल 65 सदस्यीय टीम का ऐलान हुआ जो एक रणनीतिक बदलाव का संकेत है।

इस टीम में अनुभव, युवा ऊर्जा, महिलाओं की भागीदारी और क्षेत्रीय संतुलन का बेहतरीन मिश्रण है। जानकारों के मुताबिक, यह सिर्फ पदाधिकारियों की सूची नहीं है, बल्कि बीजेपी की मजबूत संगठनात्मक और चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इसके जरिये पार्टी ने संकेत दिया है कि उसका मुख्य लक्ष्य विकसित भारत 2047 के विजन को हासिल करना है। सूत्र के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक 22 अगस्त की सुबह हो सकती है। 

स्मृति ईरानी समेत इन्हें मिली महासचिव की जिम्मेदारी

पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पुनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया सहित नए महासचिवों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके अलावा 13 वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इन नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

बीजेपी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इन 13 नए उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं शामिल हैं।

राष्ट्रीय संगठन में हुए फेरबदल पर नबीन की प्रतिक्रिया

इस सूची में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जगह देकर संगठन में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा गया है। राष्ट्रीय संगठन में हुए इस फेरबदल पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा, ‘मैं मानता हूं कि यह भाजपा के भविष्य की टीम है, भविष्य के भारत की टीम है और मैं इस टीम को बहुत शुभकामनाएं देता हूं। यह टीम प्रधानमंत्री के विजन को, उनके संकल्प को जमीनी स्तर पर लेकर जाएगी और कार्यकर्ताओं के साथ संबंध और जनता के साथ संवाद और निश्चित रूप से एक संकल्प के साथ काम करेगी।’

PM मोदी ने नबीन की नई टीम पर जताया भरोसा

पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, ‘भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ ही उन सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई, जिन्हें पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस ऊर्जावान टीम के पास जहां संगठन का भरपूर अनुभव है, वहीं जमीनी जुड़ाव भी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे ये साथी पूरे समर्पित भाव से पार्टी को मजबूत करने के साथ ही जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। सभी को मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं।’

संगठन में वापसी पर क्या बोलीं स्मृति ईरानी?

वहीं स्मृति ईरानी ने राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त होने पर नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ‘एक साधारण BJP कार्यकर्ता से लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर सेवा करने की जिम्मेदारी मिलने तक का यह सफर मेरे लिए बहुत ही विनम्रतापूर्ण अनुभव रहा है। मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने और संगठन व देश की सेवा करने का एक और मौका देने के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री मोदी और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की बहुत आभारी हूं और खुद को सम्मानित महसूस कर रही हूं।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में  ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प केवल भविष्य की एक सोच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है, जिसकी नींव आज रखी जा रही है। इस राष्ट्रीय संकल्प में योगदान देना एक जिम्मेदारी और सौभाग्य  दोनों है। बीजेपी के एक कार्यकर्ता के लिए, संगठन में हर जिम्मेदारी सबसे पहले सेवा करने का एक मौका होती है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत से प्रेरित होती है। इसी भावना और अपने वरिष्ठ नेतृत्व के निरंतर मार्गदर्शन के साथ, मैं नई प्रतिबद्धता के साथ इस जिम्मेदारी को संभालने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राष्ट्र-निर्माण व मां भारती की सेवा के बड़े मिशन में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।’

अंत में स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं देश भर में अपने सभी सहयोगियों और नव-नियुक्त पदाधिकारियों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

यह भी पढ़ें: बीजेपी की नई टीम में UP विधानसभा चुनाव की छाप, जानिए प्रदेश के किन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!