September 5, 2026 10:13 pm

शिक्षकों का समाज में स्थान सदैव आदरणीय एवं अग्रणी-उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा

रायपुर, 05 सितंबर 2026

गुरुजनों से मिले संस्कार और ज्ञान को बताया आज भी प्रासंगिक और उपयोगी

गुरुजनों से मिले संस्कार और ज्ञान को बताया आज भी प्रासंगिक और उपयोगी

हमारे राष्ट्र निर्माता शिक्षकों का समाज में स्थान सदैव आदरणीय एवं अग्रणी हैं उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कवर्धा में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, शिक्षा सत्र 2026-27, शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य विद्यार्थियों और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गुरुजनों से मिले संस्कार और ज्ञान को आज भी प्रासंगिक और उपयोगी बताया। उन्होने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के नव निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल कक्षा में पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके जीवन को सही दिशा देने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक बना रहता है। कक्षा में दिया गया ज्ञान और गुरुजनों द्वारा सिखाए गए संस्कार जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर काम आते हैं। कार्यक्रम में इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, श्री मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी,  नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, श्री लोकचन्द साहू, श्री मनीराम साहू, श्री राजा टाटिया, श्रीमती विजय लक्ष्मी तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुरुजनों ने पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी बहुत कुछ सिखाया। गुरुजनों द्वारा उस समय पढ़ाया और सिखाया गया ज्ञान आज भी उनके जीवन में उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बचपन में गुरुजनों के साथ बिताए गए वे पल आज भी उनके लिए महत्वपूर्ण, प्रेरणादायी एवं चीरस्मरणीय बनकर उनका मार्गदर्शन कर रहें हैं।

उप मुख्यमंत्री ने अपने गुरुजनों का किया सम्मान, चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों श्री जी.आर. चंदेल, श्री पी.पी. दुबे, श्री एम.आर. महोबिया, श्री विजेंद्र श्रीवास्तव एवं श्री एम.के. गुप्ता का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने अपने गुरुजनों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। गुरुजनों से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविध

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा स्थापित की जा चुकी है, जबकि शेष 34 स्कूलों में भी जल्द ही स्मार्ट क्लास रूम स्थापित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

7 हजार 500 स्कूलों में बालिका शौचालय का होगा निर्माण

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री शर्मा ने बताया कि बालिकाओं की सुविधा एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए 7 हजार 500 स्कूलों में बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रत्येक स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे छात्राओं को विद्यालय में बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा तथा उनके शिक्षा के प्रति निरंतर जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा।

मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई प्रारंभ

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई प्रारंभ हो गई है। उन्होंने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि मेडिकल कॉलेज में अपना एडमिशन कराने वाले पहला विद्यार्थी सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल शिक्षा की शुरुआत होना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक नई संभावना और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!