November 15, 2026 8:42 pm

धान खरीदी महाभियान का विधायक दीपेश साहू ने किया विधिवत शुभारंभ

बेमेतरा, 15 नवंबर 2026

धान खरीदी महाभियान का विधायक दीपेश साहू ने किया विधिवत शुभारंभ

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाभियान का 15 नवंबर से प्रदेशभर में शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बेमेतरा एवं सेवा सहकारी समिति बीजाभाट में आयोजित धान खरीदी उत्सव कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक श्री साहू एवं उपस्थित अतिथियों ने धान विक्रय के लिए खरीदी केंद्र पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही किसानों की उपज की विधिवत खरीदी प्रारंभ कराई। विधायक ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, उनकी समृद्धि सरकार की प्राथमिकता – विधायक दीपेश साहू

इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का मूल आधार किसान और कृषि है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों के अथक परिश्रम से ही राज्य की समृद्धि और विकास की नींव मजबूत होती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके आर्थिक सशक्तीकरण, कृषि विकास और खुशहाली के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। हमारी सरकार का संकल्प है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और खेती उनके लिए लाभकारी बने।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा हाल ही में की गई महत्वपूर्ण किसान हितैषी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत सरकार ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है। अब यदि किसी पात्र किसान के पास प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान की उपज होती है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। पहले कम मात्रा में धान विक्रय करने पर सहायता राशि भी उसी अनुपात में कम हो जाती थी, लेकिन मुख्यमंत्री जी के इस संवेदनशील निर्णय से कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। यह निर्णय विशेष रूप से छोटे, सीमांत एवं कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित होगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। यह केवल एक आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर साकार करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।

धान खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

विधायक श्री साहू ने समिति अध्यक्ष, प्रबंधक एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। किसानों के लिए उचित तौल, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही उपज का समय पर उठाव भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

विधायक ने किसान भाइयों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर अपनी उपज खरीदी केंद्रों में लेकर आएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और सुचारू धान खरीदी के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक श्री साहू ने समस्त अन्नदाता किसानों को धान खरीदी महाभियान की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक किसान आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बने, यही हमारी सरकार का संकल्प है। किसानों के चेहरे पर मुस्कान और उनके परिवारों में खुशहाली लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर  श्री युगल देवांगन, श्री महेश साहू, श्री हर्षवर्धन तिवारी, श्री मोंटी साहू, सोसायटी अध्यक्ष श्री दोहई लाल वर्मा, पार्षद श्री विकास तम्बोली, श्री पंचू साहू, श्री नीतू कोठारी, श्री लक्की साहू, श्री रोहित साहू, श्री शेखर वर्मा, श्री ओमकार साहू, श्री भानूराम साहू, श्री देवराम साहू, श्री निर्भय गोस्वामी, श्री राकेश वर्मा, श्री राजीव तम्बोली, समिति प्रबंधक श्री विनोद कुमार राजपूत, अपर कलेक्टर श्री पी.के. साहू, खाद्य अधिकारी श्री ओमकार सिंह ठाकुर, श्री आर.के. वारे, शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी श्री एस.के. जांगड़े, श्री ए.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!