
चित्रकूट भरतकूप थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 18 वर्षीय बालिका का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका की पहचान संगीता (18) पुत्री गोरेलाल साहू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार की देर रात संगीता खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी। रविवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर घरवालों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से झांककर देखा तो संगीता फांसी के फंदे पर संदिग्ध हालात में लटकती मिली। यह दृश्य देख परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर भरतकूप थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों से पूछताछ और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी है।
घटना से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों की भीड़ मृतका के घर पर जुटी रही और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध नजर आया।









