March 18, 2026 7:59 pm

CG : ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान दे रहा ‘सुपर 40’

CG : ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान दे रहा ‘सुपर 40’

‘सुपर 40’ संस्था

नवोदय और प्रयास जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयन का रास्ता कर रहा प्रशस्त

रायपुर, 04 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कोचिंग प्रदान कर नवोदय एवं प्रयास जैसे प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में प्रवेश की दिशा में तैयार करने के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से संचालित ‘सुपर 40’ संस्था की पहल सराहनीय उपलब्धि बनती जा रही है। महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड में आयोजित हालिया प्रवेश परीक्षा में 850 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति उत्साह और विश्वास को दर्शाया।

इस प्रवेश परीक्षा में 450 विद्यार्थियों ने प्रयास विद्यालय में प्रवेश के लिए तो 400 विद्यार्थियों ने नवोदय विद्यालय हेतु परीक्षा दी। परीक्षा परिणाम के आधार पर सत्र 2025-26 के लिए 40-40 छात्रों का चयन किया जाएगा, चयनित विद्यार्थियों के लिए अध्यापन सत्र 15 अगस्त के पश्चात प्रारंभ होगा। पिछले सत्र की उल्लेखनीय सफलता में संस्था ने 38 विद्यार्थियों को प्रयास विद्यालय एवं 2 विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाया। इस मॉडल की सफलता से प्रेरित होकर न केवल पालकों में जागरूकता बढ़ी है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास भी देखने को मिला है।

प्रदेश भर के विद्यार्थियों की बढ़ रही भागीदारी

पीएम श्री सेजेस विद्यालय बागबाहरा में आयोजित एक अन्य विशेष प्रवेश परीक्षा में महासमुंद ही नहीं, बल्कि आसपास के विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। कक्षा पाँचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों की इस भागीदारी ने राज्य स्तरीय मॉडल को और मजबूती प्रदान की है। शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर परीक्षा में हिस्सा लिया।

प्रशासन एवं अधिकारियों की सराहना

अनुविभागीय अधिकारी ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कियह योजना ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के लिए सकारात्मक वातावरण देने और मोबाइल जैसे व्यर्थ उपकरणों से दूर रखने की अपील की। सुपर 40 संस्था पूर्णतः निःशुल्क संचालित है और समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ग्रामीण प्रतिभाओं को सशक्त बनाना है।

राज्य स्तरीय विस्तार की ओर ‘सुपर 40’ मॉडल

संस्था के संयोजक हीरासिंग नायक ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमितता और परिश्रम का महत्व समझाया। ‘सुपर 40’ संस्था राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में भी शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का माध्यम बन रही है और आने वाले वर्षों में यह पहल छत्तीसगढ़ की शैक्षणिक तस्वीर को और बेहतर बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 47

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?