CG-बिलासपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 8 मार्च को
बिलासपुर 6 मार्च 2026
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, बिलासपुर में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, आर्चरी, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल सहित चार विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागी भाग ले सकेंगी।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य और खेलों के प्रति जागरूक करना, उनमें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति रुचि विकसित करना तथा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ रखने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।








