Mauganj :मऊगंज पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों समेत 18 पुलिसकर्मियों के तबादले
मऊगंज। जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार कई थाना प्रभारियों, उप निरीक्षकों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों तथा आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस प्रशासनिक बदलाव में सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन मऊगंज थाना प्रभारी के पद पर देखने को मिला है। वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह को पुलिस लाइन मऊगंज भेज दिया गया है, जबकि पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक रामसिंह को मऊगंज थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह शाहपुर और नईगढ़ी थानों में भी नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
थाना प्रभारियों में हुआ बदलाव
जारी आदेश के अनुसार शाहपुर थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ कार्यवाहक निरीक्षक अजय खोब्रागड़े को पुलिस लाइन भेजा गया है। उनकी जगह नईगढ़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक ऋषि कुमार द्विवेदी को शाहपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन में पदस्थ उप निरीक्षक गोविन्द प्रसाद तिवारी को नईगढ़ी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चौकी एवं थानों में नई तैनाती
प्रशासनिक दृष्टिकोण से किए गए इस फेरबदल में कार्यवाहक उप निरीक्षक ज्ञानेन्द्र पटेल को मऊगंज थाना से हटाकर पिपराही चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं पिपराही चौकी में पदस्थ कार्यवाहक उप निरीक्षक गुलाब वर्मा को मऊगंज थाना भेजा गया है।
इसके अलावा कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक बृहस्पति पटेल को पुलिस लाइन से मऊगंज थाना, पारसमणि वर्मा को मऊगंज से नईगढ़ी थाना तथा दिलराज सिंह को लौर थाना से पुलिस लाइन मऊगंज स्थानांतरित किया गया है।
प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों के भी तबादले
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी सूची में प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। कार्यवाहक प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार यादव को पुलिस लाइन से हनुमना थाना, अभिषेक मिश्रा को हनुमना से शाहपुर थाना तथा विजय कुमार तिवारी को शाहपुर से पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं सोनू सिंह को हनुमना से पुलिस लाइन मऊगंज स्थानांतरित किया गया है।
आरक्षक अंकित शुक्ला को पुलिस लाइन से मऊगंज थाना, सुरेश यादव को पुलिस लाइन से रामपुर चौकी (थाना नईगढ़ी) तथा शिवकुमार दुबे को शाहपुर थाना से मऊगंज थाना भेजा गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल के लिए रवाना हों तथा आमद-रवानगी की सूचना नियमानुसार कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिले में नए पदस्थ अधिकारियों की कार्यशैली पर अब लोगों की निगाहें टिकी रहेंगी।








