Mauganj :मऊगंज में करोड़ों की MD ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़

मऊगंज में करोड़ों की MD ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़

रीवा से मुंबई तक फैला था नशे का नेटवर्क, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज ब्यूरो।

मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रीवा जोन पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक हाथ लगी है। मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिझौली गांव में संचालित एक कथित अवैध MD ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये मूल्य की तैयार एवं अर्धनिर्मित MD ड्रग्स, भारी मात्रा में केमिकल, एसिड, ड्रग्स बनाने के उपकरण और एक लग्जरी चारपहिया वाहन जब्त किया गया है। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई हाई-प्रोफाइल कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत को गुप्त सूचना मिली थी कि बिझौली गांव के एक मकान में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके को घेरकर मकान की तलाशी ली गई, जहां से अवैध ड्रग्स निर्माण का पूरा नेटवर्क सामने आया।

ड्रग्स बनाने की मशीनें और केमिकल जब्त

पुलिस ने मौके से तैयार MD ड्रग्स के अलावा अर्धनिर्मित सामग्री, विभिन्न रासायनिक पदार्थ, एसिड, प्रोसेसिंग मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक लग्जरी कार भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यहां लंबे समय से अवैध रूप से सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा रही थी।

रीवा से मुंबई तक सप्लाई की आशंका

पूछताछ और शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि इस फैक्ट्री में तैयार होने वाली MD ड्रग्स रीवा के रास्ते मुंबई सहित अन्य बड़े महानगरों तक भेजी जाती थी। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी फंडिंग कौन कर रहा था तथा केमिकल की सप्लाई कहां से हो रही थी।

चार आरोपी गिरफ्तार, कई बड़े खुलासों की उम्मीद

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में ड्रग्स तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

डीजीपी ने सराही कार्रवाई, पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस बड़ी कार्रवाई पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने संतोष व्यक्त करते हुए रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत, मऊगंज एसपी सुरेंद्र कुमार जैन और पूरी पुलिस टीम की सराहना की है। आईजी ने भी छापेमारी में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

आज दोपहर 2 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

मामले की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज पुलिस अधीक्षक ने दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें जब्त की गई सामग्री, आरोपियों की भूमिका, बरामद ड्रग्स की मात्रा और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा किए जाने की संभावना है।

 

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूरे रीवा जोन में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!