Mauganj: नवागत थाना प्रभारी रीना सिंह ने संभाला पदभार, विवादित उपनिरीक्षक लाइन अटैच
मऊगंज। जिले के मऊगंज थाना में नवागत थाना प्रभारी रीना सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपने तेवर साफ कर दिए हैं और स्पष्ट शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में अब कानून का राज स्थापित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

थाना प्रभारी रीना सिंह ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी भी प्रकार का प्रभाव या दबाव क्यों न हो। उन्होंने साफ किया कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन पुलिस का काम निष्पक्ष रूप से कानून का पालन कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से मेडिकल नशा, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पदभार ग्रहण के दौरान थाना परिसर में स्टाफ द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए और जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखे।
थाना प्रभारी ने यह भी आश्वासन दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उनके त्वरित समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायतें थाने में दर्ज कराएं।
नई जिम्मेदारी के साथ रीना सिंह के सख्त और स्पष्ट रुख से यह संकेत मिल रहा है कि मऊगंज थाना क्षेत्र में अब कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई देखने को मिलेगी।
विवादित उपनिरीक्षक संदीप भारती लाइन अटैच
काफी दिनों से यह कयास लगाया जा रहे था कि मऊगंज थाना प्रभारी संदीप भारती की मिल रही शिकायतों की वजह से एसपी मऊगंज द्वारा बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। अपने ईमानदार और सख्त कार्यशैली के कारण जिले में अपनी पहचान बना चुके पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप कुमार सोनी ने अंततः विवादित थाना प्रभारी मऊगंज उप निरीक्षक संदीप भारती को लाइन अटैच करते हुए मऊगंज थाने की कमान रीना सिंह के हाथों में दे दी है।






