Mauganj News :
रक्षाबंधन पर गायब हुई महिला को नईगढ़ी पुलिस ने ढूंढ निकाला, परिजनों में खुशी का माहौल
मऊगंज। रक्षाबंधन के दिन नईगढ़ी कस्बा से लापता हुई महिला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद से ही परिजन त्योहार के दिन से चिंतित थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।
पुलिस अधीक्षक मऊगंज आर.एस. प्रजापति के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार और एसडीओपी मऊगंज सची पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नईगढ़ी उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने इस मामले में काम किया।
सूचना के अनुसार, अमहिया वार्ड क्रमांक-22, रीवा निवासी बलराम गुप्ता (65) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी सुलेखा गुप्ता, जो ससुराल नईगढ़ी में रहती है, रक्षाबंधन के दिन मायके जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन अमहिया नहीं पहुंची। परिजनों ने आस-पड़ोस, रिश्तेदारी और गांव में खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला।
रिपोर्ट पर गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी नईगढ़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सायबर सेल की मदद से महिला का पता लगाया और उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया। बाद में उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।
महिला के घर लौटने पर परिजनों में खुशी का माहौल बन गया और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।








