MP:राज्यपाल मंगू भाई पटेल 25 फरवरी को करेंगे मऊगंज जिले का प्रथम आगमन, सलैया में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मऊगंज। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल का मऊगंज जिले में प्रथम आगमन 25 फरवरी को प्रस्तावित है। राज्यपाल हनुमना विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैया पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा ग्रामीणों से संवाद करेंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यपाल हेलीकॉप्टर से हनुमना विकासखंड के ग्राम सलैया पहुंचेंगे। इसके लिए गांव में अस्थायी हेलीपैड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को दी गई है। हेलीपैड पर उतरने के बाद राज्यपाल वाहन से निर्धारित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे।
राज्यपाल अपने दौरे के दौरान ग्राम सलैया में निर्मित प्रधानमंत्री आवास का अवलोकन करेंगे तथा लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का प्रत्यक्ष फीडबैक लेंगे। बताया गया है कि राज्यपाल ग्रामीणों से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
25 फरवरी को प्रस्तावित राज्यपाल कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। हनुमना विकासखंड के ग्राम पंचायत सलैया में कार्यक्रम स्थल एवं हेलीपैड क्षेत्र का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बी.के. पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी सची पाठक, यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह, पीडब्ल्यूडी एसडीओ राजेश श्रीवास्तव सहित राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, हेलीपैड निर्माण, पार्किंग एवं जनसमूह प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और प्रोटोकॉल की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यपाल के प्रथम आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन कार्यक्रम की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित तिथि पर राज्यपाल का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।









